नितिन पटेल लखनऊ। थाना बंथरा क्षेत्र में बकरी बांधने की छोटी सी बात पर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन घटना के समय ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 27 जून 2026 को ग्राम मवई पडियाना में जितेन्द्र कुमार रावत (32 वर्ष) की बकरी बांधने को लेकर महिपाल रावत के भतीजे अनीश के साथ कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर महिपाल रावत ने आम की लकड़ी के डंडे से जितेन्द्र के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मामले में थाना बंथरा में मुकदमा नंबर 0207/2026 धारा 105/115(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने 8 जुलाई 2026 को आरोपी महिपाल रावत (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
**दो दरोगा निलंबित**
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के दिन 27 जून को रात्रि अधिकारी के रूप में तैनात **उपनिरीक्षक शशांक मिश्रा** और **बीट प्रभारी प्रवीण पाल** को इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर के पर्यवेक्षण में थाना बंथरा की टीम ने आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तारी में शामिल पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक अभय कुमार गुप्ता, कांस्टेबल अशोक कुमार और कांस्टेबल अमित यादव शामिल हैं।
अभियुक्त महिपाल रावत निवासी ग्राम मवई पडियाना थाना बंथरा है। पूछताछ में उसने मारपीट की बात स्वीकार की है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना गांव में छोटे-छोटे विवादों को लेकर हिंसा की बढ़ती प्रवृत्ति की ओर इशारा करती है, वहीं पुलिस कर्मियों की ड्यूटी में लापरवाही पर भी सख्त कार्रवाई की गई है।
Post a Comment