सरोजनीनगर के ग्राम सभा ऐन में जलभराव से आवागमन बाधित, वर्षों पुरानी समस्या से ग्रामीण परेशान
नितिन पटेल सरोजनी नगर - लखनऊ/सरोजनीनगर। सरोजनीनगर क्षेत्र के ग्राम सभा ऐन में हुई हल्की बारिश ने विकास कार्यों की पोल खोलकर रख दी। थोड़ी सी बारिश के बाद ही मुख्य सड़क पर जलभराव हो गया, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मार्ग पर लगभग 10 कदम की दूरी पर एक विद्यालय स्थित है, जहाँ प्रतिदिन छोटे-छोटे बच्चे पढ़ने आते हैं। सड़क पर भरे पानी के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। हर बारिश के बाद सड़क पर पानी भर जाता है। इसका मुख्य कारण नालियों का जाम होना और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होना है। कई बार शिकायतों के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों की सफाई एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
Post a Comment