Top News

घर के दोनों दरवाजे भीतर से बंद, छत का रास्ता खुला मिला… बंथरा में 70 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या

नितिन पटेल लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के खुर्रमपुर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर में अकेली रहने वाली करीब 70 वर्षीय छेदना का शव खून से सना बरामदे में पड़ा मिला। महिला की गला रेतकर हत्या की गई थी। खास बात यह रही कि घर के दोनों मुख्य दरवाजे अंदर से बंद थे, जबकि छत की ओर जाने वाला दरवाजा खुला मिला। इस कारण पुलिस वारदात के बाद हत्यारे के छत के रास्ते निकलने की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

.                          मृतक छेदाना 

सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव की आशा नाम की महिला छेदना को दूध देने पहुंची थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो उसने आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने गेट से अंदर झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। छेदना खून से लथपथ पड़ी थीं। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई।

दो चाकू मिले, एक चारपाई पर तकिए के नीचे

जांच के दौरान घटनास्थल से दो चाकू बरामद हुए हैं। एक चाकू शव से करीब पांच फीट की दूरी पर जमीन पर पड़ा मिला, जिसे सब्जी काटने वाला चाकू बताया जा रहा है। दूसरा चाकू महिला की चारपाई पर तकिए के नीचे मिला। फोरेंसिक टीम ने दोनों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।

महिला के गले पर गहरे वार के निशान मिले हैं। इसके अलावा दोनों गालों के किनारों, दाहिने हाथ की हथेली और दाहिने पैर में भी धारदार हथियार के निशान पाए गए। कपड़े अस्त-व्यस्त मिले हैं। पुलिस इन परिस्थितियों को महिला और हमलावर के बीच संभावित संघर्ष के एंगल से भी देख रही है।

रात में आखिरी बार घर के बाहर दिखी थी छेदना

ग्रामीणों के मुताबिक गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे छेदना को घर के बाहर देखा गया था। इसके बाद वह घर के अंदर चली गई थीं। सुबह उनकी हत्या की खबर सामने आने से गांव में दहशत फैल गई।

घर में दो मुख्य गेट हैं। एक गेट आमतौर पर बंद रहता था, जबकि दूसरे से परिवार का आवागमन होता था। घटना के बाद दोनों ही गेट अंदर से बंद मिले। वहीं छत पर जाने वाले जीने का दरवाजा खुला था। पुलिस इसी बिंदु को अहम मानते हुए घर में प्रवेश और वारदात के बाद बाहर निकलने के रास्ते की पड़ताल कर रही है।

गहने गायब मिलने से लूट की आशंका का एंगल भी

छेदना के पति शंकर लाल गौतम की करीब छह वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। उनकी दो बेटियां राम जानकी और अर्चना हैं। दोनों विवाहित हैं और अपने-अपने ससुराल में रहती हैं। छेदना गांव में अकेली रहती थीं।

बड़ी बेटी रामजानकी के अनुसार, उनकी मां नियमित रूप से गले में सोने की चेन, कानों में झुमकी और पैरों में पायल पहनती थीं। घटना के बाद जब वह घर पहुंचीं तो मां के शरीर पर ये आभूषण नहीं थे। पुलिस ने इस बिंदु को भी जांच में शामिल किया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गहने घटना से पहले कहीं रखे गए थे या हत्या के बाद गायब हुए।

चार पुलिस टीमें जांच में जुटीं

सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास की परिस्थितियों की जांच की। देवर अमृतलाल की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुस्ताक के मुताबिक, महिला की हत्या किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। घर के अंदर सामान सामान्य स्थिति में मिला है। प्रारंभिक जांच में छत के रास्ते किसी व्यक्ति के घर में प्रवेश करने की आशंका सामने आई है।

वारदात की कड़ियां जोड़ने और हत्यारे तक पहुंचने के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। फोरेंसिक साक्ष्यों के साथ ही अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Uttar Pradesh Samachar
Uttar Pradesh Samachar

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume