नितिन पटेल,लखनऊ/कानपुर। कल्याणपुर स्थित मां सरस्वती अस्पताल में 50 वर्षीय मंजुलता तिवारी की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। इलाज में कथित लापरवाही और अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए परिवार ने जमकर विरोध जताया। देर शाम अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। मामला बढ़ता देख अस्पताल संचालक मौके से चले गए।
चौबेपुर क्षेत्र के बजरहा पुरवा निवासी मंजुलता तिवारी के पैर में चार नवंबर को निर्माण कार्य के दौरान सीमेंट का भारी टुकड़ा गिर गया था। चोट लगने के बाद परिवार ने उन्हें कल्याणपुर स्थित मां सरस्वती अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने सर्जरी की सलाह दी थी, लेकिन परिजनों ने दीपावली के बाद ऑपरेशन कराने की बात कही। छह नवंबर को महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम को मंजुलता को दोबारा ऑपरेशन के लिए अस्पताल लाया गया। अस्पताल संचालक शैलेंद्र यादव ने पहले अपने यहां उपचार करने की बात कही, लेकिन मंगलवार सुबह दूसरे अस्पताल जाने को कहा गया। इसके बाद महिला को कोलंबिया अस्पताल ले जाया गया। परिवार का आरोप है कि वहां स्ट्रेचर से गिरने के बाद भी ऑपरेशन नहीं किया गया और चिकित्सकों ने उपचार से इनकार कर दिया।
इसके बाद परिजन महिला को फिर मां सरस्वती अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया। लेकिन मंगलवार देर शाम मंजुलता की मौत हो गई। लगातार अस्पतालों के चक्कर लगाने के बाद महिला की मौत से परिवार टूट गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जवाबदेही की मांग की।
मौत के बाद अस्पताल में हंगामा, संचालक पर उठे सवाल
महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली और शव को कब्जे में लिया। शुरुआत में परिजन पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं थे।
शिकायत मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा
थाना प्रभारी केशव तिवारी के मुताबिक, परिजनों ने शिकायत देने की बात कही है। लिखित तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मंजुलता के पति अजय तिवारी नोएडा में लोहे का काम करते हैं। उनके दो बेटे यश और लवांश हैं। मां की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Post a Comment