लाखों की व्यवस्था पर उठे सवाल, रात होते ही साइकिल और तीन पहिया वाहन चालकों के लिए बढ़ जाता है हादसे का खतरा
नितिन पटेल हरौनी (लखनऊ)। हरौनी में रेलवे लाइन के ऊपर बने ओवरब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइटें महज शोपीस बनकर रह गई हैं। ओवरब्रिज पर रोशनी के लिए लाइटें तो लगाई गई हैं, लेकिन रात होते ही ये जलती नजर नहीं आतीं। ऐसे में पूरा ओवरब्रिज अंधेरे में डूब जाता है और यहां से गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सबसे ज्यादा परेशानी साइकिल सवारों और तीन पहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ती है। रात के समय अंधेरे में ओवरब्रिज से गुजरना किसी खतरे से कम नहीं है। सामने से आने वाले वाहनों की रोशनी और अंधेरे के कारण रास्ता साफ दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब ओवरब्रिज पर रोशनी के लिए लाइटें लगाई गई हैं तो उन्हें जलाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित होनी चाहिए। आखिरकार लाइटें लगने के बावजूद राहगीरों को अंधेरे में सफर करने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ रहा है?
अब सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर समय रहते ओवरब्रिज की बंद पड़ी लाइटों को चालू कराया जाएगा? राहगीरों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सभी लाइटें चालू कराने की मांग की है, ताकि रात के समय सुरक्षित आवागमन हो सके।
Post a Comment