Top News

एंबुलेंस की देरी ने ली घायल युवक की जान, डेढ़ घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस; चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया



बंथरा (लखनऊ)। कन्नी खेड़ा के पास जियो पेट्रोल पंप के समीप हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद स्थानीय लोग करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस के लिए फोन करते रहे, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। करीब डेढ़ घंटे बाद उन्नाव से एंबुलेंस मौके पर पहुंची। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि एंबुलेंस की देरी के चलते घायल को समय पर उपचार नहीं मिल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान मोहन सनाफ रतनू निवासी नई सराय, निमादपुर, थाना हसनगंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहन अपने गांव से सोहरामऊ स्थित फ्लिपकार्ट गोदाम में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। वह वहां गोदाम से गोदाम तक वाहन चलाने का काम करते थे।

इसी दौरान कटीबगिया की ओर से आ रही एक चार पहिया गाड़ी ने मोहन की गाड़ी में सामने से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब दो बजे हुआ। इसके बाद से ही लोग एंबुलेंस के लिए लगातार फोन करते रहे, लेकिन सरोजनीनगर क्षेत्र की एंबुलेंस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची। अंततः करीब डेढ़ घंटे बाद उन्नाव से एंबुलेंस पहुंची।

मोहन अपने पीछे चार बच्चों और परिवार को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर थाना बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

समय पर एंबुलेंस न पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। अब सवाल यह है कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस सेवा इतनी देर से क्यों पहुंची और इसके लिए जिम्मेदार कौन है?

Post a Comment

Previous Post Next Post
Uttar Pradesh Samachar
Uttar Pradesh Samachar

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume