Top News

फॉर्मेलिटी के लिए हरौनी चौकी इंचार्ज का तबादला, वर्षों से जमे सिपाहियों पर कब गिरेगी गाज?


श्याम जी मिश्रा का कार्यकाल रहा सराहनीय, नए चौकी प्रभारी सूरज तिवारी ने संभाली कमान — लंबे समय से तैनात सिपाहियों के स्थानांतरण पर निगाहें

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र की हरौनी पुलिस चौकी में चौकी प्रभारी श्याम जी मिश्रा का स्थानांतरण होने के बाद नए चौकी प्रभारी सूरज तिवारी ने रविवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। वहीं श्याम जी मिश्रा की विदाई समारोह में पुलिसकर्मियों एवं क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। उनके कार्यकाल को स्थानीय स्तर पर सराहनीय बताया जा रहा है।

चौकी प्रभारी श्याम जी मिश्रा का स्थानांतरण ऐसे समय में हुआ है, जब उनका कार्यकाल करीब एक वर्ष पूरा होने को था। हालांकि पुलिस विभाग में स्थानांतरण एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है, लेकिन उनके कार्यकाल को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक चर्चा रही। यही वजह रही कि उनके विदाई समारोह को भी धूमधाम से आयोजित किया गया।


दरोगा का तबादला हुआ, वर्षों से जमे सिपाहियों का क्या?

हरौनी चौकी में अब सबसे बड़ा सवाल उन पुलिसकर्मियों को लेकर उठ रहा है, जो काफी लंबे समय से एक ही चौकी पर तैनात हैं। स्थानीय चर्चाओं के मुताबिक चौकी पर दो से तीन ऐसे सिपाही हैं, जिनकी तैनाती को दो से तीन वर्ष का समय बीत चुका है।

ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब चौकी प्रभारी का स्थानांतरण प्रशासनिक व्यवस्था के तहत किया गया है तो लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे सिपाहियों के स्थानांतरण की सूची कब जारी होगी?

क्षेत्रीय लोगों की नजर अब पुलिस विभाग की अगली स्थानांतरण सूची पर टिकी है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती होने से पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए समय-समय पर स्थानांतरण जरूरी है।

श्याम जी मिश्रा को मिली सम्मानजनक विदाई

वहीं निवर्तमान चौकी प्रभारी श्याम जी मिश्रा को उनके कार्यकाल के दौरान बेहतर कार्यशैली के लिए पुलिसकर्मियों और क्षेत्रीय लोगों की ओर से सम्मान दिया गया। विदाई समारोह में उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।

अब नए चौकी प्रभारी सूरज तिवारी के सामने हरौनी चौकी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की चुनौती होगी। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि नई जिम्मेदारी के साथ पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और सक्रियता और बढ़ेगी।

अब देखना यह है कि चौकी प्रभारी का स्थानांतरण होने के बाद लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात सिपाहियों की बारी कब आती है और क्या विभाग उनकी तैनाती को लेकर भी कोई निर्णय लेता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Uttar Pradesh Samachar
Uttar Pradesh Samachar

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume