Top News

ऐन में बारिश ने रोकी ग्रामीणों की राह, ग्राम चौपाल में कम पहुंचे फरियादी

पेंशन, किसान सम्मान निधि, बिजली और आवास से जुड़े 15 मामले आए सामने; चार प्रकरणों का मौके पर निस्तारण

ग्राम चौपाल में मौजूद अधिकारी व ग्राम प्रधान 

ऐन लखनऊ। ग्राम सभा ऐन में विकास खंड की ओर से ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। हालांकि, बारिश के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण चौपाल तक नहीं पहुंच सके, जिसके कारण अपेक्षाकृत कम संख्या में शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए।

चौपाल के दौरान पेंशन, किसान सम्मान निधि, विद्युत आपूर्ति तथा प्रधानमंत्री आवास से संबंधित कुल 15 प्रकरण सामने आए। इनमें पेंशन से जुड़े चार, किसान सम्मान निधि के आठ, विद्युत से संबंधित एक तथा आवास से जुड़े दो आवेदन शामिल रहे।

प्राप्त मामलों में दो पेंशन और दो आवास संबंधी प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, अन्य मामलों को संबंधित विभागों के स्तर से कार्रवाई के लिए भेजा गया।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई लोगों की पेंशन, किसान सम्मान निधि, बिजली और आवास से जुड़ी समस्याएं अभी भी लंबित हैं। लेकिन बारिश के कारण प्रभावित लोगों में से कई चौपाल में अपनी शिकायत लेकर पहुंच नहीं सके। ऐसे में उनका कहना है कि मौसम साफ होने के बाद दोबारा ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाए, जिससे छूटे हुए ग्रामीण भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकें।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आगामी चौपाल का आयोजन मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकें।

Post a Comment

أحدث أقدم
Uttar Pradesh Samachar
Uttar Pradesh Samachar

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume